सराफा बाजार के सुनार से करीब 10 लाख के सोने के गहने खरीदे, पेमेंट देने से मुकरे

punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 09:10 AM (IST)

लुधियाना (राज): 'सराफा बाजार' में एक सुनार से करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवरात खरीदकर भुगतान न करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने विश्वास में लेकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण खरीदे, लेकिन जब पेमेंट करने का समय आया तो वे मुकर गए और रकम हड़प ली।

पीड़ित सुनार द्वारा पुलिस कमिश्नर को दी गई लिखित शिकायत की लंबी जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी ऋषभ गर्ग और कैलाश रानी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की संगीन धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में पीड़ित भूपिंदर सिंह ने बताया कि सराफा बाजार में उनकी ज्वेलर्स की दुकान है।आरोपी ऋषभ गर्ग और महिला आरोपी कैलाश रानी उनकी दुकान पर आए। दोनों ने अपनी पसंद के सोने के जेवरात खरीदे, जिसका कुल बिल 9,97,720 (नौ लाख सत्तानवे हजार सात सौ बीस रुपये) बना।

आरोपियों ने सामान लेते समय जल्द ही पूरी रकम का भुगतान करने का पक्का भरोसा दिया था। गहने हासिल करने के बाद जब काफी समय बीत जाने पर भी आरोपियों ने बिल की अदायगी नहीं की, तो पीड़ित भूपिंदर सिंह ने उनसे अपनी रकम की मांग की। आरोपियों ने पहले तो पैसे देने में टालमटोल की और बहाने बनाते रहे। बाद में आरोपियों ने साफ तौर पर पैसे देने से इनकार कर दिया और मुद्दई को नुकसान पहुंचाने की नीयत से पूरी रकम हड़प ली। अपनी खून-पसीने की कमाई और लाखों के जेवरात डूबते देख पीड़ित ने पुलिस के आला अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News