लुधियाना में कानून की उड़ रही धज्जियां, पॉश एरिया बने ‘रेसिंग और नशे का अड्डा’
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 09:12 PM (IST)
लुधियाना (गणेश): शहर के पॉश माने जाने वाले किप्स मार्केट, साउथ सिटी रोड और आसपास के इलाकों में हर शनिवार रात कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। देर शाम से ही यहां युवाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो जाती है, जो रात गहराने के साथ तेज रफ्तार गाड़ियों और बाइकों के साथ सड़कों को “रेसिंग ज़ोन” में बदल देती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इन क्षेत्रों में हर सप्ताह यही स्थिति देखने को मिलती है, जहां ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी की जाती है। तेज रफ्तार और स्टंटबाजी के कारण आम नागरिकों के लिए सड़कों पर निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
तेज रफ्तार और स्टंट से बढ़ रहा खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कई वाहन चालक बेहद तेज गति से गाड़ियां चलाते हैं और खतरनाक स्टंट करते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की गतिविधियां किसी भी समय बड़े हादसे को जन्म दे सकती हैं।
हुक्का और नशे का खुलेआम सेवन
सूत्रों के मुताबिक किप्स मार्केट और साउथ सिटी रोड के आसपास कुछ कैफे और रेस्टोरेंट में नियमों के विपरीत हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा नशे का खुलेआम सेवन भी देखने को मिल रहा है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
डीजे नियमों की अनदेखी, लोगों की नींद हराम
आधी रात के बाद तक तेज आवाज में डीजे और म्यूजिक बजने से आसपास रहने वाले लोग परेशान हैं। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इलाके के निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
प्रशासन पर उठे सवाल
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर सख्ती के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर उनका असर नजर नहीं आ रहा। किप्स मार्केट, साउथ सिटी रोड और आसपास के इलाकों में हर शनिवार रात का यह सिलसिला अब गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। जरूरत है कि प्रशासन समय रहते सख्त कदम उठाए, ताकि शहर के लोगों को सुरक्षित और शांत माहौल मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

