लुधियाना में सेफ सिटी प्रोजेक्ट को झटका, CCTV कैमरों का नेटवर्किंग सामान चोरी

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 09:28 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्किंग उपकरणों और बैटरियों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों का मामला सामने आया है। सगू चौक में लगे कैमरों के कैबिनेट से नेटवर्क स्विच और बैटरियां चोरी हो जाने के कारण सरकारी कैमरे बंद पड़ गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद मेंटेनेंस कंपनी के डिप्टी मैनेजर तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह एच.एफ.सी.एल. (HFCL) लिमिटेड कंपनी में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उनकी कंपनी लुधियाना शहर में 'सेफ सिटी प्रोजेक्ट' के तहत लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरों की देखरेख और मेंटेनेंस का काम संभालती है। बीते 12 अगस्त को सुबह करीब 9:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि सगू चौक (सगू चौक, लुधियाना) में लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं और उनका सिग्नल बंद आ रहा है। सूचना मिलते ही जब कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंचकर कैमरों के ओ.डी.सी. (ODC) कैबिनेट को खोलकर चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। कैबिनेट के अंदर से 8 पोर्ट नेटवर्क PoE स्विच (8 Port Network PoE Switch), पावर सप्लाई यूनिट (Power Supply), 12 वोल्ट 26AH की एक्साइड (Exide) ब्रांड की 3 बैटरियां गायब थीं।

कोई अज्ञात व्यक्ति कैबिनेट का ताला तोड़कर या चालाकी से अंदर रखा सारा सामान चुराकर ले गया था, जिस वजह से उस इलाके की पूरी कैमरा सर्विलांस ठप हो गई। सरकारी सुरक्षा उपकरणों की चोरी होने की इस गंभीर घटना के बाद शिकायतकर्ता ने तुरंत पुलिस को लिखित शिकायत दी।पुलिस ने एचएफसीएल कंपनी के डिप्टी मैनेजर के बयानों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के अन्य निजी व कमर्शियल कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News