Ludhiana : लड़कियों को गुरुद्वारे में छोड़ महिला ने रचाई तीसरी शादी, गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, May 09, 2024 - 09:39 PM (IST)

पायल (विनायक) : पायल पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर सतनाम सिंह के नेतृत्व में एक ऐसी महिला को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो तीन साल पहले पायल थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा करमसर राड़ा साहिब में अपनी 5 वर्षीय जुड़वां लड़कियों को छोड़ कर फरार हो गई थी। पायल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को आरोपी महिला को राजस्थान के श्री गंगानगर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने जिस शख्स के लिए अपनी बेटियों को छोड़ा था, उसे भी छोड़ दिया और तीसरी शादी कर ली। आरोपी महिला की पहचान बंत कौर के रूप में हुई है। एक स्थानीय अदालत ने पहले ही उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया था। उसके पहले पति लुधियाना के न्यू शिमलापुरी निवासी महिंदर सिंह को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

पायल थाना के एस.एच.ओ. सब-इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने बताया कि 12 अक्तूबर 2021 को पुलिस को गुरुद्वारा करमसर राड़ा साहिब से सूचना मिली कि स्वयंसेवकों को परिसर में 2 जुड़वां लड़कियां लावारिस हालत में मिली हैं। बाद में जिनकी कस्टडी बाल कल्याण समिति लुधियाना नामक एनजीओ को दे दी गई। जिन्होंने दोनों लड़कियों को बाल देखभाल एवं संरक्षण गृह, हेवनली एंजेल्स चिल्ड्रन होम, दोराहा में भेज दिया। बाद में सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति लड़कियों को गुरुद्वारा साहिब में छोड़कर भागता हुआ दिखाई दिया, जबकि लड़कियों की मां भी दुल्हन की पोशाक में चूड़ा पहने हुए कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद पुलिस ने लड़कियों के पिता का पता लगाया और उसे पूछताछ के लिए बुलाया, जिसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी बंत कौर 2018 से अपने बच्चों के साथ मुझे छोड़ चुकी है, लेकिन उसने उसे तलाक नहीं दिया है। एक गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को राजस्थान के श्रीगंगानगर से गिरफ्तार कर लिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News