हक के लिए लड़ने वाले सरकार के फोके आंसू गैस के गोलों से नहीं डरते, मजीठिया का सीधा वार

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 10:51 AM (IST)

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल ने चंडीगढ़ में अपने हक के लिए प्रदर्शन कर रहे टीचरों पर पंजाब पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। अकाली दल के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है और कहा है कि अपने हक के लिए लड़ने वाले सरकार के फोके आंसू गैस के गोलों से नहीं डरते।

पुलिस का 'तालिबान चेहरा' सामने आया

सूत्रों के मुताबिक, जब टीचर विधानसभा की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, तो पुलिस ने उन पर पानी की बौछारें और आंसू गैस के गोले दागे। मजीठिया ने कहा कि भगवंत मान की पुलिस ने अपना 'तालिबान चेहरा' दिखाते हुए केसधारी अध्यापको की पगड़ी उतार दी और उनके बालों की बेअदबी की जिससे सिख भावनाओं को गहरा ठेस पहुंची है। 

पंजाब को 'पुलिस स्टेट' बनाने का आरोप

अकाली नेता ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की जोड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दोनों मिलकर कर्मचारियों और किसानों के आंदोलनों को कुचलने के लिए पुलिस को अतिरिक्त अधिकार दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को 'पुलिस स्टेट' में बदला जा रहा है, जहां लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वालों की आवाज दबाई जा रही है।

चुनाव से पहले किए गए वादों की याद दिलाई

सरकार पर निशाना साधते हुए मजीठिया ने याद दिलाया कि सत्ता संभालने से पहले अरविंद केजरीवाल दावा करते थे कि उनके राज्य में कोई आंदोलन नहीं होगा और न ही कोई टैंकी पर चढ़ेगा। अकाली नेता ने कहा कि 'खाने के दांत और दिखाने के और' वाली कहावत इस सरकार पर पूरी तरह से सही बैठती है।

अकाली दल ने संघर्ष का समर्थन किया

शिरोमणि अकाली दल के नेता ने साफ किया है कि वह पंजाब के शिक्षकों और सभी कर्मचारियों के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने भगवंत मान सरकार से मांग की है कि इन संगठनों की जायज मांगों को बिना किसी देरी के तुरंत माना जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News