पंजाब में गैंगस्टरों का राज, हर घंटे हो रही फायरिंग, मजीठिया का AAP सरकार पर हमला

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 03:00 PM (IST)

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था और आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

मजीठिया ने कहा कि पंजाब में अब लगभग हर घंटे फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे AK-47 और हैंड ग्रेनेड जैसे घातक हथियारों का खुलेआम इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने रंजीत सिंह मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है। बाघापुराना सरपंच हत्याकांड और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मजीठिया ने कहा कि खुफिया एजेंसियों ने पहले ही हत्या की आशंका जताई थी और सरपंच के पास बुलेटप्रूफ गाड़ी भी थी, इसके बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का एक विधायक उन लोगों को बचाने की कोशिश कर रहा है, जिन पर परिवार आरोप लगा रहा है।

मजीठिया ने कहा कि पंजाब में दो तरह के कानून चल रहे हैं एक सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के लिए और दूसरा विपक्ष के लिए। उन्होंने पंजाब पुलिस के मुखिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक राज्य में स्थायी डीजीपी की नियुक्ति नहीं होती, हालात नहीं सुधरेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने भाषण का अधिकतर समय अकाली दल की आलोचना में ही बिताया। मजीठिया ने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल ने खनन से 20,000 करोड़ रुपए की आय का दावा किया था, लेकिन अब यह बताया जाए कि वह पैसा कहां है। उन्होंने कहा कि असली मुद्दों को छोड़कर विपक्ष पर निशाना साधने से पंजाब का भला नहीं हो सकता।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News