AAP में दरार गहरी! इससे पहले 35 नेता छोड़ चुके पार्टी का साथ, 7 सांसदों ने भी दिया झटका
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 11:31 PM (IST)
पंजाब डैस्क : आम आदमी पार्टी (AAP) एक बार फिर बड़े राजनीतिक झटके का सामना कर रही है। राज्यसभा सांसद Raghav Chadha ने 24 अप्रैल को अपने दो अन्य साथी सांसदों के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ज्वाइन कर ली। इस घटनाक्रम ने न केवल AAP की मौजूदा स्थिति को प्रभावित किया है, बल्कि पार्टी के अंदर लंबे समय से चल रही असंतोष की स्थिति को भी उजागर कर दिया है।
Raghav Chadha ने इस मौके पर कहा कि वह पार्टी छोड़ने वाले अकेले नेता नहीं हैं। उनके अनुसार, अब तक करीब 35 नेता AAP से इस्तीफा दे चुके हैं या पार्टी से किनारा कर चुके हैं। इनमें कई बड़े और प्रभावशाली चेहरे शामिल रहे हैं, जिन्होंने कभी पार्टी की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।
बड़े चेहरों का AAP से दूरी बनाना
AAP के शुरुआती दौर से जुड़े प्रमुख नेताओं में Kumar Vishwas, Yogendra Yadav और Prashant Bhushan जैसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने समय के साथ पार्टी से दूरी बना ली। खास बात यह रही कि Kumar Vishwas ने न तो औपचारिक रूप से इस्तीफा दिया और न ही उन्हें पार्टी से निकाला गया, लेकिन वह लंबे समय से सक्रिय राजनीति में AAP से अलग नजर आते रहे हैं।
पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में सबसे ज्यादा संख्या पंजाब से है। करीब 20 नेता पंजाब इकाई से जुड़े रहे हैं, जिनमें सांसद और विधायक स्तर के नेता भी शामिल हैं। वहीं हालिया घटनाक्रम में Raghav Chadha समेत 7 सांसदों के एक साथ पार्टी छोड़ने की बात सामने आई है, जिनमें से 6 सांसद पंजाब से बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ नेताओं ने BJP ज्वाइन कर ली है, जबकि अन्य की ज्वाइनिंग प्रक्रिया जारी है।
वहीं, BJP के लिए यह घटनाक्रम एक रणनीतिक बढ़त के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पार्टी को विपक्षी दलों में सेंध लगाने का अवसर मिल रहा है।

