Jalandhar : पटाखा कारोबारियों की दिवाली रही फीकी, करोड़ों का माल नहीं बिका

punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2026 - 12:44 PM (IST)

जालंधर (खुराना): इस बार दीपावली का त्योहार भले ही शहर में धूमधाम से मनाया गया, लेकिन पटाखा कारोबारियों के लिए यह सीजन भी निराशाजनक रहा। शहर की एकमात्र अस्थायी पटाखा मार्केट में मंदी का माहौल देखने को मिला। रविवार देर रात तक कई दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे, लेकिन बिक्री कम होने के कारण उनका भारी स्टॉक दुकानों में ही पड़ा रह गया। कुल बचा हुआ स्टॉक करोड़ों में बताया जा रहा है। अब कारोबारियों को बचा हुआ सामान अगले साल तक संभालकर रखना पड़ेगा।

पटाखा मार्केट में मंदी का सबसे बड़ा कारण इसका शहर से काफी दूर गांव राओवाली में लगाया जाना माना जा रहा है। इस कारण कम बजट में थोड़ी-बहुत खरीदारी करने वाले छोटे ग्राहक मार्केट तक पहुंचे ही नहीं । लोगों ने अपने घरों के नजदीक खुली पटाखों की दुकानों और स्टालों से ही खरीदारी करना बेहतर समझा।

कारोबारियों के अनुसार, इस बार पूरे शहर में जगह-जगह पटाखों की बिक्री होती रही और पुलिस तथा प्रशासन की ओर से इस पर कोई रोक-टोक नहीं की गई। ऐसे में ग्राहकों को दूर स्थित अस्थायी मार्केट तक जाने की जरूरत ही महसूस नहीं हुई। इसका सीधा असर गांव राओवाली की मार्केट में बैठे दुकानदारों के कारोबार पर पड़ा।

कारोबारियों की नाराजगी का एक बड़ा कारण प्रशासन की ओर से दिया गया असहयोग भी रहा। उनका कहना था कि इस बार भी उन्हें पटाखे बेचने के लिए मात्र चार दिन ही मिले। नई जगह पर मार्केट तैयार करने और सामान पहुंचाने में ही काफी समय लग गया। दीपावली से महज चार-पांच दिन पहले दुकानों का निर्माण पूरा हुआ और कारोबारियों को रातों-रात अपना सामान वहां पहुंचाकर बिक्री शुरू करनी पड़ी।

गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से शहर की मुख्य पटाखा मार्केट बर्ल्टन पार्क के खुले मैदान में लगती थी। वहां ग्राहकों के आने-जाने और पार्किंग की बेहतर सुविधा थी। लेकिन स्पोर्ट्स हब का निर्माण शुरू होने के बाद वहां पटाखा मार्केट लगनी बंद हो गई। इसके बाद से ही कारोबारी नई जगह को लेकर परेशान हैं।

इस बार भी पटाखा मार्केट के लिए जगह तलाशने में कारोबारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई स्थानों पर अड़चनें आने के बाद भाजपा नेता के.डी. भंडारी के सहयोग से पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में खाली पड़ी निजी जमीन पर मार्केट लगाने का फैसला हुआ। जमीन लीज पर ली गई, लेकिन इसे लेकर अदालत में मामला भी पहुंचा और कई तरह की रुकावटें आईं। बाद में इन समस्याओं को सुलझाया गया।

लगातार दो-तीन सीजन से आ रही परेशानियों और इस बार हुए नुकसान से कई कारोबारी इतने निराश दिखाई दिए कि उन्होंने अगले साल से पटाखों का कारोबार न करने की बात कहनी शुरू कर दी है। कुल मिलाकर इस बार दीपावली पर पटाखों की बिक्री ने कारोबारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उनके चेहरों पर मायूसी और प्रशासन के प्रति नाराजगी साफ दिखाई दी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News