लुधियाना में अदालती कामकाज रहेगा पूरी तरह बंद, वकीलों ने किया ‘नो वर्क डे’ का ऐलान
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 09:48 PM (IST)
लुधियाना (गणेश / सचिन) : पंजाब में वकीलों पर हो रहे हमलों के विरोध में जिला बार एसोसिएशन, लुधियाना ने 5 मई 2026 (मंगलवार) को ‘नो वर्क डे’ मनाने का ऐलान किया है। यह निर्णय एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट विपिन सग्गर की अध्यक्षता में आयोजित एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। यह फैसला जलालाबाद बार एसोसिएशन द्वारा दिए गए राज्यस्तरीय आह्वान के समर्थन में लिया गया है, जो एडवोकेट राकेश कुमार पांधू पर हुए कथित हमले के विरोध में है। लुधियाना बार एसोसिएशन ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कड़ी निंदा की है।
अदालती कामकाज रहेगा पूरी तरह बंद
बार एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार, 5 मई को सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से पूर्णतः विरत रहेंगे। इस दिन अदालतों में किसी भी प्रकार की पेशी, बहस या अन्य न्यायिक कार्यवाही में भाग नहीं लिया जाएगा।
एडवोकेट विपिन सग्गर ने कहा कि वकीलों पर हो रहे हमले अत्यंत गंभीर और चिंताजनक हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ होते हैं और उन पर हमला सीधे तौर पर कानून के शासन पर हमला है।
उन्होंने कहा कि लुधियाना बार एसोसिएशन अपने साथी एडवोकेट राकेश कुमार पांधू और उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग करेगा। जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि बार की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और ऐसे समय में सभी अधिवक्ताओं का एक साथ खड़ा होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे ‘नो वर्क डे’ को पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ सफल बनाएं, ताकि एक मजबूत संदेश सरकार और प्रशासन तक पहुंचे।

