Jalandhar में Cabbana Hotel के पास ट्रैक्टर चालक पर हमला, तलवारों और हथियारों से वार
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 01:24 PM (IST)
जालंधर(सोनू): शहर के कबाना होटल के पास बड़ी घटना की खबर सामने आई है। दरअसल, यहां कार सवार युवकों ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमलावरों ने किरपाण और लोहे की रॉड से वार
घायल की पहचान मुश्ताक अली निवासी हरदोई (फगवाड़ा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह मिट्टी उतारकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहा था। जैसे ही वह कबाना होटल के पास पहुंचा, आल्टो कार में सवार 5-6 युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने किरपाण और लोहे की रॉड से वार किए, जिससे उसके सिर पर गहरे जख्म आए।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए फगवाड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

