Jalandhar में पुलिस का बड़ा एक्शन, विदेश बैठे आकाओं से जुड़े 4 बदमाश गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 01:16 PM (IST)

जालंधर : जालंधर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने विदेशी-आधारित हैंडलरों के इशारे पर काम कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो जबरन वसूली और फायरिंग जैसी गंभीर वारदातों में शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन आधुनिक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

विदेश से मिल रहे थे निर्देश और फंडिंग

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी इंटरनेट कॉल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए विदेश में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में थे। इन्हीं हैंडलरों द्वारा इन्हें टारगेट दिए जाते थे और वारदातों को अंजाम देने के लिए फंडिंग भी मुहैया कराई जाती थी। आरोपी जालंधर और एसबीएस नगर जिलों में कई फायरिंग की साजिशों में शामिल रहे हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कमिश्नरेट पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध हथियारों के साथ शहर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर चारों आरोपियों को दबोच लिया। इस संबंध में थाना भार्गव कैंप में एफआईआर दर्ज की गई है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। आगे-पीछे के लिंक तलाशे जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News