Jalandhar में दमोरिया पुल के पास भड़की भीषण आग, खौफनाक तस्वीरें आई सामने, (Video)

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 08:21 PM (IST)

जालंधर: जालंधर में दमोरिया पुल के नीचे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुल के नीचे पड़े कूड़े के ढेर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया। धुआं इतना ज्यादा था कि आसपास से गुजर रहे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी सूचना

स्थानीय लोगों के अनुसार पुल के नीचे लंबे समय से कूड़ा जमा हो रहा है। इसी कूड़े में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी। हैरानी की बात यह रही कि दमोरिया पुल के नजदीक ही फायर ब्रिगेड का एक सब स्टेशन मौजूद है, लेकिन लोगों ने वहां तैनात कर्मियों पर समय रहते मदद न करने के आरोप लगाए।

PunjabKesari

सब स्टेशन पर लगे लापरवाही के आरोप

लोगों का कहना है कि जब दमोरिया पुल के पास स्थित फायर ब्रिगेड सब स्टेशन से संपर्क किया गया तो वहां मौजूद अधिकारियों ने छुट्टी का हवाला देकर बात टाल दी। सब स्टेशन से तुरंत कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण हालात और बिगड़ने लगे। इसके बाद बस्ती अड्डा स्थित शहर के मेन फायर स्टेशन से संपर्क किया गया। वहां से पहुंची टीम ने मौके पर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

काफी देर तक परेशान रहे लोग

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में काफी देर तक धुआं फैलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी शरारती तत्व ने कूड़े के ढेर में आग लगाई हो सकती है।

PunjabKesari

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि दमोरिया पुल के नीचे इस तरह आग लगने की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल के नीचे जमा कूड़े को तुरंत हटाया जाए और इलाके की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News