Jalandhar के मशहूर हार्ट अटैक पराठे वाले को Threat Call, DGP को की शिकायत
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 04:52 PM (IST)
जालंधर(सोनू): कॉमेडियन कपिल शर्मा समेत कई बड़े सेलिब्रिटीज को अपने मशहूर पराठे खिलाकर चर्चा में आए हार्ट अटैक पराठे वाले वीर दविंदर सिंह अब खुद धमकियों से परेशान हैं। वीर दविंदर का आरोप है कि करीब एक महीने से कुछ युवक उन्हें लगातार ग्रुप कॉल कर परेशान कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कॉल के दौरान लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर जान से मारने और बेअदबी का पर्चा दर्ज करवाने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
वीर दविंदर के मुताबिक, करीब 30युवकों का एक ग्रुप बनाया गया है, जिसमें उन्हें बार-बार ग्रुप कॉल की जाती है। उन्होंने इन कॉल्स की कुछ रिकॉर्डिंग और फोन नंबर भी जारी किए हैं। उनका आरोप है कि फोन करने वाले खुद को नौजवान बस्ती इलाके का रहने वाला बताते हैं। वीर दविंदर ने बताया कि इस मामले को लेकर वह पहले पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दे चुके हैं। उनका कहना है कि 27 दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वह कई पुलिस अधिकारियों से मिलकर भी शिकायत कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वह पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह से भी मिले थे और अपनी पूरी समस्या बताई थी। इसके अलावा पुलिस अधिकारी मनप्रीत के पास भी शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें अभी तक राहत नहीं मिली। वीर दविंदर का कहना है कि 4 से 5 दिन पहले भी उन्हें फोन कर पर्चा दर्ज करवाने की धमकी दी गई। हालांकि, फोन करने वालों ने उनसे किसी तरह के पैसे की मांग नहीं की है। लगातार आ रही धमकियों से परेशान होकर वीर दविंदर ने अब पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को ऑनलाइन शिकायत भेजी है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच करवाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

