Jalandhar में दूध वाले का Sting Video, 28 किलो दूध में 12 किलो पानी मिला कर घरों में बेच रहा
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 10:15 AM (IST)
जालंधर(खुराना): शहर में दूध में मिलावट का एक मामला सामने आया है जो सोशल मीडिया में चर्चा बटोर रहा है । बस्ती पीर दाद रोड का एक स्टिंग वीडियो सामने आया है, जिसमें एक दूध सप्लायर कथित तौर पर खुद बता रहा है कि वह 28 किलो दूध में करीब 12 किलो पानी मिलाकर घरों में सप्लाई करता है। यह स्टिंग देव डेयरी के संचालक मनप्रीत मंगू ने लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से किया है।
वीडियो में दूध सप्लायर यह भी बताता नजर आ रहा है कि वह डेयरी संचालकों से करीब 75 रुपए प्रति किलो के हिसाब से शुद्ध दूध लेता है और इसमें पानी मिलाकर इसकी मात्रा बढ़ाने के बाद करीब 65 से 70 रुपए प्रति किलो के हिसाब से घरों में सप्लाई करता है। वीडियो में किए गए दावे के मुताबिक एक ड्रम में बड़ी मात्रा में पानी मिलाकर ग्राहकों को दूध के नाम पर सप्लाई किया जा रहा है। मनप्रीत मंगू का कहना है कि दूध में मिलावट का यह खेल लंबे समय से चल रहा है।
कहीं दूध में पानी मिलाकर मात्रा बढ़ाई जा रही है तो कहीं फैट बढ़ाने के नाम पर अन्य चीजों की मिलावट किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में सेहत विभाग और प्रशासन को गंभीरता से जांच करनी चाहिए, क्योंकि सीधे तौर पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि दूध खरीदते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध दूध की शिकायत संबंधित विभाग को दें। मनप्रीत मंगू ने कहा कि इन दिनों मार्कीट में दूध की गुणवत्ता को लेकर कई शिकायतें सामने आ रही हैं। सेहत विभाग को ऐसे मामलों का संज्ञान लेकर दूध के सैंपल भरने चाहिए और यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

