Ludhiana: अवैध लॉटरी और सट्टे के अड्डे पर MLA का छापा, मौके पर मचा हड़कंप
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 09:47 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के कंगनवाल इलाके में गरीब मजदूरों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले अवैध लॉटरी और सट्टेबाजी के अड्डे पर विधानसभा हलका साउथ की विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने औचक छापेमारी कर दी। विधायक के अचानक मौके पर पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया और सट्टेबाजों में भगदड़ मच गई। विधायक ने मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध लॉटरी का संचालन कर रहे एक कारिंदे को रंगे हाथों पकड़वाया और तुरंत कंगनवाल पुलिस चौकी इंचार्ज को मौके पर बुलाकर उसके हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है।
छापेमारी के बाद मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने बताया कि पिछले काफी समय से कंगनवाल क्षेत्र के निवासियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मोहल्लेवासियों का कहना था कि इस दुकान पर शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों और जुआरियों का भारी जमावड़ा लग जाता है। विधायक ने बताया कि इस औद्योगिक इलाके में रहने वाले ज्यादातर लोग गरीब प्रवासी और दिहाड़ी मजदूर हैं। शातिर सट्टेबाज भोले-भाले मजदूरों को रातों-रात अमीर बनने का झूठा झांसा देकर उनकी दिनभर की मेहनत की कमाई को लॉटरी और सट्टे के नाम पर लूट रहे थे।
विधायक छीना ने दुकान के बाहर लगे साधारण बोर्ड की तरफ इशारा करते हुए कहा कि लोगों और प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए बाहर बेहद सामान्य बोर्ड लगाया गया था। दुकान के अंदर एक मोटा पर्दा लटका रखा था, जिसके पीछे अवैध लॉटरी की पर्चियां काटने और सट्टेबाजी का काला कारोबार धड़ल्ले से चलाया जा रहा था। विधायक ने खुलासा किया कि करीब एक साल पहले भी इसी दुकान पर अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर इसे बंद करवाया गया था, लेकिन कानून का कोई खौफ न होने के चलते इन शातिरों ने कुछ ही समय बाद दोबारा वही धंधा शुरू कर दिया।
विधायक ने बताया कि जैसे ही उनकी टीम ने अचानक दुकान के अंदर छापा मारा, वहां मौजूद एक कारिंदा ग्राहकों से पैसे समेटते हुए पकड़ा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फौरन कंगनवाल पुलिस चौकी के इंचार्ज को दल-बल सहित मौके पर तलब किया गया और पकड़े गए युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मौके से सट्टे की पर्चियां और नकदी भी बरामद की गई है। विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि केवल कारिंदों पर ही नहीं, बल्कि इस अवैध सट्टा गिरोह को संचालित करने वाले मुख्य फाइनेंसरों और सरगनाओं के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि हलके में गरीबों का शोषण पूरी तरह बंद हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

