MOGA : प्रवासी मजदूरों पर हमला करने वाला गैं'ग गिरफ्तार, 2 पिस्तौल और 2 हैंड ग्रेनेड बरामद

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 03:37 PM (IST)

मोगा (विपन) : बीते दिनों मोगा के जीरा रोड पर प्रवासी मजदूरों पर गोली चलाने के मामले में मोगा पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब प्रवासी मजदूरों पर गोलीबारी करने वाले गैंग के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .30 बोर की दो पिस्तौल ही नहीं, बल्कि दो जिंदा हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पंजाब में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई है। वही मीडिया से बात करते हुए डी.आई.जी. नीलांबरी जगदले ने प्रेस कांफ्रेंस की।

पंजाब के डीजीपी के निर्देशों तथा आईजी फरीदकोट रेंज और एसएसपी मोगा की निगरानी में मोगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रवासी मजदूरों पर हमला करने वाले गैंग के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि 10 फरवरी को जीरा रोड पर काम से लौट रहे दो प्रवासी मजदूरों पर मोटरसाइकिल सवार युवकों ने फायरिंग की थी। इस मामले में थाना सदर मोगा में हत्या की नीयत से हमला, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया था।

Operation Prahar

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अकाशदीप सिंह, जॉबनप्रीत सिंह और शाहवीर सिंह सहित कई साथियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से .30 बोर की दो देसी पिस्तौल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और चार खाली खोल बरामद किए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपियों की निशानदेही पर गांव के पास नहर किनारे छिपाकर रखे गए दो हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए। मौके पर बम निरोधक दस्ता बुलाकर ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए जम्मू-कश्मीर से गोला-बारूद उपलब्ध कराया गया था। इस संबंध में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने फायरिंग भी की, जिसके बाद अलग से मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।

Moga Incident

यह पूरी कार्रवाई पंजाब पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई है। इस अभियान के दौरान सैकड़ों छापेमारी कर कई गैंगस्टरों के सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, हथियार तथा अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गैंग के अन्य लिंक की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

इस मौके डी आई जी नीलांबरी जगदले ने बताया कि यह आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और एस एस पी अजय गांधी, एस.पी.डी. बाल कृष्ण सिंगल डी.एस.पी. गुरप्रीत सिंह डी.एस.पी. सुखमन प्रीत और सी.आई.ए. की टीम ने बहुत मशक्कत के साथ काम किया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News