"AAP के नेता सभी दूध के धुले नहीं", MP मालविंदर कंग के बयान से पंजाब की राजनीति में हलचल

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 11:10 AM (IST)

पंजाब डेस्कः श्री आनंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी के सांसद मालविंदर सिंह कंग के अपनी ही सरकार के खिलाफ विरोधी सुर देखने को मिले हैं, जिससे पंजाब की राजनीति में हलचल मच गई है। एक हिंदी अखबार को दिए इंटरव्यू में मलविंदर कंग ने प्रदेश में अवैध माइनिंग होने की बात स्वीकार की है। कंग ने कहा कि इससे जहां सरकार को बड़ा राजस्व नुकसान हो रहा है, वहीं लोगों को भी महंगी रेत-बजरी खरीदनी पड़ रही है। प्रदेश में अवैध माइनिंग खत्म न होने का बड़ा कारण यह है कि कई नेता, अधिकारी और कर्मचारी माइनिंग माफिया के साथ मिले हुए हैं। आम आदमी पार्टी के सभी नेता दूध के धुले नहीं हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को उन लोगों की सूची भी सौंपी है, जो अवैध माइनिंग में शामिल हैं। कंग ने कहा कि 30-40 फीट तक खनन सरकारी मिलीभगत के बिना संभव नहीं है और अब इस अवैध माइनिंग के कारण पुलों और बुनियादी ढांचे को भी खतरा पैदा हो गया है।

गैंगस्टरवाद पर भी उठाए सवाल
मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर राज लगातार बढ़ रहा है। इसका बड़ा कारण यह है कि पंजाब पुलिस जिस तरह से काम करना चाहिए, उस तरह से काम नहीं कर रही है, जिससे लोगों में गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने सरकार से कई बार कहा है कि गैंगस्टरों के प्रति अपनी रणनीति बदलनी होगी। हालांकि सरकार ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स बनाई हुई है, लेकिन यदि विशेष रणनीति के तहत काम किया जाए तो ही सफलता मिल सकती है। इसी तरह पंजाब में कानून-व्यवस्था कायम की जा सकती है।

किसानों पर क्या बोले
मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है। इसलिए किसान अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए रोजाना धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य सरकार को चाहिए कि प्रदेश में एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्री स्थापित की जाए, ताकि उद्योग सीधे किसानों से जुड़ा रहे और किसानों को अपने उत्पाद बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News