लुधियाना नगर निगम में गांधीगिरी, मेयर की खाली कुर्सी रख विपक्ष ने निकाली भड़ास

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 12:19 PM (IST)

लुधियाना(हितेश): नगर निगम में अपने वार्डों के विकास कार्यों और लंबित समस्याओं को लेकर विपक्षी पार्षदों ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों ने जोन-डी नगर निगम कार्यालय के बाहर 'डमी जनरल हाउस' की बैठक आयोजित कर नगर निगम प्रशासन और मेयर के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान मेयर और नगर निगम कमिश्नर के लिए प्रतीकात्मक रूप से कुर्सियां लगाई गईं, लेकिन उन्हें खाली रखा गया। इन खाली कुर्सियों के सामने बैठकर पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाईं । पार्षदों ने आरोप लगाया कि उनके वार्डों में सड़कों, पार्कों, पेयजल, सीवरेज, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर जैसी समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा। उनका कहना था कि जिन विकास कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है, वे भी अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, जबकि नए विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी स्वीकृति नहीं दी जा रही।

जोन-डी कार्यालय के बाहर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन और डमी जनरल हाउस बैठक की शहरभर में चर्चा रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि प्रदर्शन के दौरान नगर निगम का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। प्रदर्शनकारी पार्षदों ने कहा कि यदि उनकी मांगों और वार्डों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मेयर की खाली कुर्सी रखकर उन्होंने नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News