नेशनल हाईवे पर आफत में राहगीरों की जान, कुंभकर्णी नींद में प्रशासन

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 10:21 AM (IST)

लोहियां खास (सद्दी): लोहियां खास के राष्ट्रीय राजमार्ग 703-ए पर बन रहे अमृतसर-जामनगर एक्सप्रैसवे के निर्माण कार्य के चलते सड़क के दोनों तरफ फैली रेत और मिट्टी ने आम जनता व राहगीरों की मुश्किलें अत्यधिक बढ़ा दी हैं। सतलुज पुल गिद्दड़पिंडी से लेकर लोहियां के टी-प्वाइंट से आगे तक कई स्थानों पर सड़क किनारों पर दो-दो फीट तक रेत-मिट्टी जमा हो चुकी है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और धूल के गब्बार में कुछ नहीं दिखाती देता है जिससे यह हाईवे जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।

हाइवे निर्माण के लिए टिप्परों द्वारा रेत और मिट्टी की ढुलाई लगातार की जा रही है, परंतु सड़क पर बिखर रही मिट्टी को साफ करने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहे। इसके चलते सड़क पर सफर करना खासकर दोपहिया वाहन चालकों और साइकिल सवारों के लिए बेहद जोखिम भरा बन चुका है।

सतलुज पुल गिद्दड़पिंडी में मौके का जायजा लेने पर सामने आया कि सैकड़ों टिप्पर मिट्टी व रेत भरने के लिए कतारों में खड़े थे। यहां से रेत लादकर लोहियां की ओर दौड़ रहे टिप्परों से हवा में लगातार रेत-मिट्टी उड़ती रहती है। गिद्दड़पिंडी, वाड़ा योध सिंह, माणक और साबूवाल के सामने से गुजर रहे 703-ए हाईवे पर मिट्टी की भरमार के कारण यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।

सड़क पर दौड़ रहे टिप्परों से उड़ती रेत राहगीरों की आंखों में पड़ रही है और चंद मिनटों में कपड़े धूल-मिट्टी से भर जाते हैं। हालात यह हैं कि गिने-चुने टिप्परों को छोड़कर अधिकांश टिप्पर बिना तिरपाल ढके ही खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं। सड़क के दोनों ओर जमा मोटी रेत के कारण दोपहिया वाहन और साइकिलें फिसलने से रोजाना हादसे घट रहे हैं, जबकि कुछ लोग अपनी जान तक गंवा चुके हैं।

इलाका निवासियों ने बताया कि सड़क से रेत हटवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। लोगों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि सतलुज पुल गिद्दड़पिंडी से लोहियां टी-प्वाइंट तक सड़क के दोनों ओर फैली रेत और मिट्टी को तुरंत साफ करवाया जाए और रेत-मिट्टी की ढुलाई करने वाले सभी टिप्परों को तिरपाल से ढककर चलाना अनिवार्य किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News