ठगी का अनोखा तरीका! ATM से पैसे निकालने से पहले हो जाएं सावधान
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 05:50 PM (IST)
नूरपुरबेदी (संजीव भंडारी): धोखेबाजों द्वारा लोगों को ठगने के लिए प्रतिदिन नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण उस समय सामने आया जब ठगों ने एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर हजारों रुपए निकाल लिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस अड्डा बैंस में पंजाब एंड सिंध बैंक और एक प्राइवेट कंपनी द्वारा एटीएम चलाया जा रहा है। इसी दौरान दो युवकों ने दोनों एटीएम मशीनों को बंद करके एक व्यक्ति के साथ 16 हजार रुपए की ठगी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो युवक अपने एटीएम कार्ड पर फेविक्विक लगाकर उसे एटीएम मशीन में डाल देते हैं और फिर अपना कार्ड बाहर निकाल लेते हैं। इससे एटीएम मशीन की स्कैन करने वाली चिप, कार्ड को ठीक तरह से पढ़ नहीं पाती और मशीन से पैसे निकलना बंद हो जाता है। इसी दौरान पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम पर एक व्यक्ति पैसे निकालने के लिए आया, लेकिन मशीन में पहले से फेविक्विक लगी होने के कारण उसके कार्ड से पैसे नहीं निकले। वहां मौजूद दो युवकों ने उसे मदद करने का झांसा दिया और चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया।
संभव है कि उस व्यक्ति ने दूसरे एटीएम से भी पैसे निकालने की कोशिश की हो, लेकिन वहां भी पहले से ऐसी ही शरारत की गई थी, जिस कारण पैसे नहीं निकले। बाद में आरोपियों ने उसके असली कार्ड का इस्तेमाल कर चंडी मंदिर के पास स्थित एक एटीएम से करीब 16 हजार रुपए निकाल लिए और उसका खाता खाली कर दिया। बाद में युवक को जब कार्ड बदले जाने का पता चला तो उसने इसकी सूचना बैंक को दी।
वहीं बैंक अधिकारियों का कहना है कि लोगों को बार-बार एटीएम कार्ड, पिन और ओटीपी किसी को भी न बताने के लिए जागरूक किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग सावधानी नहीं बरतते, जिससे ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। इसलिए लोगों को ठगे जाने से बचने के लिए अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

