पैंगोंग फ्रोजन लेक मैराथन में चमके लुधियाना के संदीप खुराना, पंजाब से इकलौते धावक

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 12:46 PM (IST)

लुधियाना (विक्की): लुधियाना के 38 वर्षीय व्यवसायी संदीप खुराना ने लद्दाख की प्रसिद्ध पैंगोंग झील पर आयोजित पैंगोंग फ्रोजन लेक मैराथन 2026 सफलतापूर्वक पूरी कर एक खास उपलब्धि हासिल की। संदीप इस अनोखी मैराथन में पंजाब से भाग लेने वाले एकमात्र प्रतिभागी थे। इस प्रतियोगिता में देशभर और नेपाल से लगभग 450 धावकों ने हिस्सा लिया। यह मैराथन करीब 4,350 मीटर (14,270 फीट) की ऊंचाई पर और लगभग -20°C तापमान में आयोजित हुई, जो धावकों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण थी।

संदीप खुराना ने 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन को 2 घंटे 57 मिनट में पूरा किया। यह उनके जीवन की पहली हाफ मैराथन थी। मैराथन के दौरान संदीप ने अपने टी-शर्ट पर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तस्वीर पहनकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके इस विशेष ट्रिब्यूट को अभिनेता सनी देओल ने भी इंस्टाग्राम पर सराहा और उनकी पोस्ट पर कमेंट कर बधाई दी। संदीप ने बताया कि पिछले साल अक्टूबर में लद्दाख यात्रा के दौरान उन्होंने पैंगोंग झील पर इस अनोखी मैराथन के बारे में जाना। इसके बाद उन्होंने लगभग ढाई महीने तक कड़ी तैयारी की। उन्होंने कहा कि जमी हुई झील पर इतनी ऊंचाई और ठंड में दौड़ना आसान नहीं था, लेकिन दृढ़ निश्चय और मेहनत से उन्होंने यह चुनौती पूरी कर ली।

मैराथन में भाग लेने से पहले सभी प्रतिभागियों को 8 दिनों का अनुकूलन (Acclimatization) कराया जाता है, ताकि शरीर ऊंचाई और मौसम के अनुसार खुद को ढाल सके। संदीप ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और प्रेरणादायक रहा, और वे भविष्य में भी ऐसी मैराथन में भाग लेना चाहते हैं। उनकी यह उपलब्धि पंजाब के युवाओं के लिए भी प्रेरणा है कि मेहनत और जुनून से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News