रातों-रात बदली परमजीत कौर की किस्मत, 5 लाख का इनाम निकलने पर परिवार में जश्न
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 09:53 AM (IST)
फिरोजपुर: पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में परमजीत कौर नाम की महिला की 5 लाख रुपए की लॉटरी निकली है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने डियर पूजा बंपर लॉटरी में तीसरा इनाम जीता है। लॉटरी निकलने की खबर मिलने के बाद परमजीत कौर और उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए परमजीत कौर ने बताया कि उनका बेटा बाजार गया हुआ था। वहां से उसने फोन कर कहा कि मां, मुझे पैसे भेज दो, मैं डियर की लॉटरी खरीद लूंगा। इस पर उन्होंने बेटे को पैसे भेजने के लिए हां कर दी और पैसे भी भेज दिए, लेकिन उस समय बेटे ने लॉटरी नहीं खरीदी।
परमजीत कौर ने बताया कि बाद में उन्होंने खुद बेटे को लॉटरी खरीदने के लिए कहा। इसके बाद बीती रात फोन आया कि उनकी 5 लाख रुपये की लॉटरी निकली है। यह खबर सुनकर उन्हें बेहद खुशी हुई। इनाम निकलने के बाद परिवार में जश्न का माहौल है। परिवार के सदस्य ढोल की थाप पर भंगड़ा डालकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।

