कैप्टन से मिलकर भी नहीं बदले परगट सिंह के तेवर, कहा-सरकार की जनता में हो रही बदनामी

punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2020 - 08:51 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): एक बार फिर विधायक परगट सिंह ने अपनी ही सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि रेत-शराब के कारोबार की वजह से जनता के बीच पंजाब सरकार की बदनामी हो रही है। पंजाब का एक्साइज रैवेन्यू गिरता जा रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर परगट सिंह ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री के नाम चिट्ठी भी लिखी थी।

बुधवार को मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने चंडीगढ़ में मुलाकात के लिए विधायक परगट सिंह को बुलाया था। माना जा रहा था कि मुलाकात के बाद परगट सिंह के तेवर नरम होंगे लेकिन बैठक के बाद उन्होंने एक बार फिर तल्ख तेवर दिखाते हुए कहा कि कांग्रेस ने 2017 के चुनाव से पहले जनता से जो वायदे किए थे, वह पूरे नहीं हो पाए हैं। इसलिए जनता की उम्मीद टूट रही है। 

परगट सिंह ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि जनता की निगाह में कैप्टन अमरेंद्र सिंह की छवि 1984 में इस्तीफा देने वाले और पिछली सरकार में पानी के सभी समझौते रद्द करने वाले सशक्त नेता की है। इसी छवि के चलते 2017 में जनता ने कांग्रेस को वोट भी किया लेकिन आज वह उम्मीद टूट रही है, क्योंकि कांग्रेस सरकार परफॉर्म नहीं कर पा रही है। परगट सिंह ने कहा कि जनता उसी से उम्मीद करती है, जिस पर भरोसा होता है। यही बात उन्होंने भी मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह को कही और जनता के किए वायदों को पूरा करने का आह्वान किया। परगट सिंह ने कहा कि हम जब जनता के बीच जाते हैं तो यही सुनने को मिलता है कि सरकार तो बादल परिवार के साथ मिल गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News