गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर पुलिस Action, अवैध असले और हेरोइन समेत दो गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 06:43 PM (IST)
गुरदासपुर (हरमन): गैंगस्टरों और नशा तस्करों के विरुद्ध छेड़ी गई मुहिम के तहत गुरदासपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने अवैध हथियार, हेरोइन और ड्रग मनी बरामद कर नामी अपराधियों को दबोचा है। एसएसपी आदित्य ने बताया कि थाना पुराना शाला की पुलिस पार्टी गश्त पर थी, जिस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक करणबीर लाल उर्फ करण (निवासी मल्हियांवाला, बटाला) को काबू किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर के 02 अवैध देसी कट्टे बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही आपराधिक पृष्ठभूमि का है, जिस पर आर्म्स एक्ट और लड़ाई-झगड़े के 3 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने थाना पुराना शाला में मुकदमा नंबर 19 दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी कार्रवाई का विवरण देते हुए एसएसपी ने खुलासा किया कि थाना सिटी गुरदासपुर की पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार राहुल उर्फ कट्टा (निवासी गुरदासपुर) को रोककर चेकिंग की। चेकिंग के दौरान उसके पास से 20 ग्राम हेरोइन, 01 देसी पिस्तौल और 2260 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। आरोपी राहुल के खिलाफ पहले ही एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के 14 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने थाना सिटी गुरदासपुर में मुकदमा नंबर 52 दर्ज किया है।
एसएसपी आदित्य ने स्पष्ट किया कि इन दोषियों का पुलिस रिमांड हासिल कर यह पता लगाया जाएगा कि ये हथियार और नशा कहाँ से सप्लाई हो रहे थे, ताकि आपराधिक नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचकर कड़ी कार्रवाई की जा सके।


