पुलिस कमिश्नर के सख्त तेवर: शराब कारोबारियों को दो टूक, नियमों में ढील दी तो खैर नहीं

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 09:39 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में कानून व्यवस्था को पुख्ता करने और अपराध पर नकेल कसने के मकसद से लुधियाना के पुलिस कमिश्नर ने आज शराब वेंडर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस मुलाकात के दौरान कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि शहर की शांति से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी शराब कारोबारियों को हिदायत दी कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर सरकार द्वारा तय किए गए नियमों और रेगुलेशंस की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करें।

पुलिस और वेंडर्स के बीच बेहतर तालमेल जरूरी
कमिश्नर ने चर्चा के दौरान कहा कि शराब वेंडरों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे अपने ऑपरेशंस को पूरी जिम्मेदारी के साथ चलाएं ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पुलिस और वेंडर्स के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद जरूरी है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय रहते प्रशासन तक पहुंच सके। पुलिस प्रमुख ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी वेंडर नियमों की अवहेलना करते हुए पाया गया या किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि में संलिप्त दिखा, तो उसके खिलाफ बिना किसी देरी के सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कानून की लक्ष्मण रेखा लांघने वालों पर पुलिस की पैनी नजर 
बैठक के अंत में एसोसिएशन के सदस्यों को पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आग्रह किया गया। कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि जो कारोबारी ईमानदारी से नियमों के दायरे में रहकर काम करेंगे, उन्हें पुलिस का पूरा सहयोग मिलेगा, लेकिन कानून की लक्ष्मण रेखा लांघने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। शहर में देर रात तक हुड़दंग रोकने और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी इस बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News