कनाडा बुलाकर पति को छोड़ा, धोखेबाज दुल्हन और उसके परिवार पर केस दर्ज
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 09:32 AM (IST)
लुधियाना(राज): विदेश जाकर बसने और सुनहरे भविष्य का सपना संजोने वाले एक परिवार के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर आरोपी अमनदीप कौर, जसवीर सिंह, बलवीर सिंह और गुरविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
10 फरवरी को हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, जरनैल सिंह के बेटे मान सिंह, जो कनाडा में स्थाई निवासी (PR) है, का विवाह 10 फरवरी को अमनदीप कौर के साथ बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ था। शादी के कुछ समय बाद मान सिंह अपनी पत्नी अमनदीप कौर को सुनहरे भविष्य के वादे के साथ कनाडा ले गया। आरोप है कि कनाडा पहुँचने और वहां की कानूनी औपचारिकताएं (पक्का होने) पूरी करने के बाद अमनदीप कौर के तेवर पूरी तरह बदल गए।
बेटे के साथ विवाह के नाम पर धोखे का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि जैसे ही अमनदीप कौर को वहां की रेजिडेंसी हासिल हुई, उसने अपने पति मान सिंह को छोड़ दिया और उसे बिना बताए किसी अज्ञात स्थान पर जाकर रहने लगी। पीड़ित पिता जरनैल सिंह ने पुलिस प्रशासन को दी शिकायत में इंसाफ की मांग की है। उनका कहना है कि उनके बेटे के साथ विवाह के नाम पर धोखा किया गया है और उसे केवल विदेश पहुंचने का जरिया बनाया गया।

