Punjab में बदले राजनीतिक समीकरण, लटक सकते हैं ''आप'' के बाकी उम्मीदवारों के नाम

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2024 - 09:13 PM (IST)

लुधियाना (विक्की) : आम आदमी पार्टी में पिछले एक सप्ताह के बीच बदलते राजनीतिक परिदृश्य के चलते पंजाब में लोकसभा चुनावों के लिए बाकी बची सीटों पर  'आप'  के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा लटक गई है। हालांकि मुख्यमंत्री और पंजाब में  'आप' प्रमुख भगवंत मान ने 21 मार्च को सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि पंजाब में अगले 5 दिनों में बाकी 5 लोकसभा की टिकटों पर उम्मीदवारों के नाम की भी घोषणा कर दी जाएगी। लेकिन उसी रात को ईडी ने कथित शराब घोटाले में  'आप' सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद से पार्टी लगातार दिल्ली व पंजाब में प्रर्दशनों से केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर ही रही थी। इसी बीच पंजाब में  'आप' के एकलौते सांसद सुशील रिंकू ने 2 दिन पहले ही जालंधर से विधायक शीतल अंगुराल समेत भाजपा में एंट्री मार ली। जबकि  'आप'  ने 14 मार्च को पहली सूची में रिंकू को जालंधर से दोबारा कैंडीडेट घोषित कर दिया था। अब मुख्यमंत्री मान की घोषणा को 8 दिन बीत चुके हैं लेकिन पंजाब में बाकी रहती सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेता पार्टी की ओर से ऐलाने जाने वाले नामों का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी से जुड़े सूत्रों की मानें तो केजरीवाल की गिरफ्तारी और रिंकू व अंगुराल के पार्टी छोड़ने के बाद समीकरण पूरी तरह से बदल गए हैं। अब  'आप' को 5 नहीं बल्कि 6 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करनी है।

यह भी पढे़ं- दिल्ली में विशाल रैली से पहले बोले CM मान, ट्वीट कर कही ये बात

लुधियाना से सांसद बिटटू भी कांग्रेस को बाय-बाय करके भाजपा के कुनबे में शामिल हो चुके हैं, जबकि  'आप' ने पहले बिटटू के लुधियाना में कांग्रेस की ओर से लोकसभा उम्मीदवार होने की संभावनाओं के बीच अपने कैंडीडेटों बारे सर्वे करवाया था लेकिन अब बिटटू के जाने के बाद पार्टी इस बात पर भी विचार कर रही है कि अकाली-भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवार मैदान में आने के बाद ही बाकी सीटों पर अपने पत्ते खोले जाएं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब सर्वे टीमों द्वारा लुधियाना, जालंधर व अन्य 4 सीटों पर सर्वे चल रहा है ताकि दूसरी पार्टियों के मुकाबले उसी नेता को लोकसभा चुनाव में उतारा जाए जिसकी जनता में छवि अच्छी होने के साथ जमीनी स्तर पर पकड़ भी हो। इनमें पार्टी किसी विधायक, पूर्व में चुनाव लड़ चुके किसी नेता या मौजूदा किसी चेयरमैन को भी उतार सकती है क्योंकि पहले घोषित 8 नामों में  'आप' ने मान सरकार के 5 मंत्रियों को टिकट दिए हैं।

अब माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी को लुधियाना, जालंधर, गुरदासपुर, आनंदपुर साहिब, फिरोजपुर, होशियारपुर के लिए उम्मीदवारों की घोषणा में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं। बताया जा रहा है कि बदलते समीकरण के बीच दूसरी पार्टियों से खफा कुछ चेहरों को  'आप' का बनाने के लिए भी पार्टी के शीर्ष स्तर की उनसे बातचीत चल रही है जिसके बारे आने वाले दिनों में तस्वीर साफ हो सकती है। वहीं हंसराज हंस का नाम भी जालंधर में  'आप' की ओर से चुनाव लड़ने के लिए चर्चा में आया था लेकिन हंस ने इन सारी अटकलों पर विराम लगाते हुए खुद को भाजपा में ही बताया है। 

यह भी पढे़ं-प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Recommended News

Related News