लुधियाना : 30 साल पुरानी बिजली तार बनी आफत, कुंभकर्णी नींद सो रहा पावरकॉम
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 02:59 PM (IST)
लुधियाना (विक्की): पुरानी माधोपुरी की एक नंबर गली में जर्जर मुख्य बिजली की तार को बदलने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले पावरकॉम के एसडीओ के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर मुख्य बिजली तार बदलने की मांग की गई थी, लेकिन आज तक विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इलाकावासियों के अनुसार गली की मुख्य बिजली तार करीब 30 साल पुरानी है और इसमें 10 से 12 जोड़ लगे हुए हैं। इन जोड़ों के कारण आए दिन स्पार्किंग होती है और तेज धमाकों जैसी आवाजें आती हैं। बिजली में लगातार फ्लक्चुएशन होने से कई घरों के एसी, टीवी, वॉशिंग मशीन सहित अन्य बिजली उपकरण खराब हो चुके हैं। इतना ही नहीं, कई बार शॉर्ट सर्किट के कारण लोगों के घरों का सामान भी जल चुका है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तार नहीं बदली गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इलाकावासी योगेश अरोड़ा (बब्बू) ने बताया कि एक साल पहले पूरे मोहल्ले के लोगों के हस्ताक्षरों के साथ पावरकॉम अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी तार और उसमें लगे कई जोड़ लोगों की जान-माल के लिए खतरा बने हुए हैं। बार-बार स्पार्किंग और बिजली के उतार-चढ़ाव से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर साथ वाले वार्ड के पार्षद अरुण शर्मा ने भी क्षेत्रवासियों का पक्ष पावरकॉम अधिकारियों के समक्ष रखा है और जल्द से जल्द मुख्य बिजली तार बदलने की मांग की है। अब क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नई बिजली तार नहीं डाली गई तो वे पावरकॉम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे। लोगों का कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय तुरंत कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

