देर शाम बीडीपीओ कार्यालय खुलने के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया रोष प्रदर्शन, जानें क्या है मामला
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 11:23 PM (IST)
बलाचौर (ब्रह्मपुरी): आज देर शाम करीब 7:45 बजे बीडीपीओ कार्यालय बलाचौर में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कांग्रेस के जिला प्रधान अजय मंगूपुर अपने साथियों—ब्लॉक समिति बलाचौर के चेयरमैन नानक सिंह, बलजिंदर सिंह बिल्ला सरपंच माणेवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश कुमार, नरेश चेची पूर्व एमसी, राजिंदर शिंदी शहरी प्रधान कांग्रेस तथा अन्य कार्यकर्ताओं सहित बीडीपीओ कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार और विधायक संतोष कटारिया के खिलाफ नारेबाजी की।
मौके से मिली जानकारी के अनुसार आज देर शाम करीब 7:45 बजे बलाचौर के बीडीपीओ वरिंदर कुमार अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। कांग्रेस जिला प्रधान अजय मंगूपुर तथा उनके साथियों ने बीडीपीओ से कार्यालय देर रात खोलने का कारण पूछा। बीडीपीओ ने इस संबंध में कुछ नहीं बताया और कार्यालय से बाहर चले गए।
बीडीपीओ कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि सत्ताधारी सरकार ब्लॉक समिति बलाचौर के मौजूदा चेयरमैन नानक सिंह को हटाकर अपना चेयरमैन लगाना चाहती है। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी भनक लगी है और वे इस कथित धक्केशाही को किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे, क्योंकि नानक सिंह वोटों से चुने गए चेयरमैन हैं। अजय मंगूपुर ने इस मामले में सीधे तौर पर हलका विधायक संतोष कटारिया पर आरोप लगाए।
क्या कहा हलका विधायक संतोष कटारिया ने?
उक्त आरोपों के संबंध में जब विधायक संतोष कटारिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे बात नहीं हो सकी। इसके बाद विधायक के पुत्र एवं जिला परिषद सदस्य करण कटारिया से इस संबंध में पूछा गया। करण कटारिया ने कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी लोगों के काम के लिए दिन-रात कार्यालय खोलकर काम करता है तो इसमें क्या बुराई है, बल्कि ऐसे अधिकारी की तारीफ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न तो लोगों के विकास के काम कर सकी और न ही विकास होते हुए देख सकती है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन की निंदा करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी किसी तरह की धक्केशाही नहीं करती।
क्या कहते हैं बीडीपीओ?
जब बीडीपीओ वरिंदर कुमार, बलाचौर से देर रात कार्यालय खोलने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह विभागीय कार्य करने के लिए कार्यालय में बैठे थे। जब उनसे कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने आरोपों को निराधार बताया।

