Punjab : एक बार फिर सुर्खियों में पंजाब की बठिंडा जेल, चौंकाने वाला खुलासा!"
punjabkesari.in Thursday, Nov 27, 2025 - 09:12 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा) : बठिंडा केंद्रीय जेल मोबाइल फोन बरामदगी के मामलों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में है। जेल परिसर में जैमर होने और प्रशासन द्वारा सर्च अभियान लगातार चलाए जाने के बावजूद मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा। यह स्थिति न केवल जेल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बन चुकी है। बीते दो महीनों में ही जेल प्रशासन को 16 से अधिक मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इनमें कई स्मार्टफोन भी शामिल हैं, जिनसे इंटरनेट चलने के संकेत मिले हैं। इससे जेल के अंदर से बाहरी दुनिया से संपर्क बनाए जाने की आशंका गहरा रही है।
कैदियों के पास कैसे पहुंच रहे मोबाइल?
जेल सूत्रों का कहना है कि कुछ कैदी मोबाइल फोन का इस्तेमाल बाहरी अपराधियों से संपर्क बनाए रखने और जेल के भीतर अवैध गतिविधियां संचालित करने के लिए करते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि— कुछ मोबाइल मुलाकातियों की मदद से अंदर पहुंचाए गए, कुछ जेल परिसर में बाहर से फेंके गए और कई मामलों में जेल स्टाफ की मिलीभगत की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। जेल प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई है, वाचटावर से निगरानी तेज की गई है और विशेष टीमों के जरिए अचानक छापेमारी की जा रही है। इसके बावजूद हर दूसरे-तीसरे दिन मोबाइल की बरामदगी प्रशासनिक खामियों की ओर इशारा करती है।
पिछले दो महीनों में हुई बरामदगियां
6 अक्टूबर – दो मोबाइल, दो चार्जर, दो इयरफोन, 49 पुड़ियां जर्दा और 10 बंडल बीड़ी।
18 अक्टूबर – चार हवालातियों से मोबाइल और सिम
19 अक्टूबर – कैदी युद्धवीर सिंह से मोबाइल
25 अक्टूबर – टावर नंबर 15–16 के पास दो स्मार्टफोन, चार्जर, डाटा केबल, जर्दा
25 अक्टूबर – लंगर हाल के बाहर पाइप के पास मोबाइल
30 अक्टूबर – एक कैदी से फोन व इयरफोन
31 अक्टूबर – कैदी मनोज कुमार की बैरक से मोबाइल व हेडफोन
12 नवंबर – कैदी अमरीक सिंह से मोबाइल और दो फोन लावारिस बरामद
13 नवंबर – चार कैदियों से तीन मोबाइल
18 नवंबर – बैरक नंबर चार से स्मार्टफोन
19 नवंबर – वीसी रूम की छत से मोबाइल,
अधिकांश मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किए हैं, लेकिन बाहरी सप्लायरों या अंदरूनी सहयोगियों का पता अभी तक नहीं चल पाया है। हाल ही में तलाशी के दौरान वीसी रूम की छत से एक बिना सिम वाला मोबाइल बरामद हुआ। चैट हिस्ट्री चेक करने पर पता चला कि यह कैदी संदीप सिंह (पंज गोराया, अमृतसर) का है। संदीप ने चेटिंग करने की बात स्वीकार भी की है। असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट गुरमीत सिंह ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार मोबाइल बरामद होने से पंजाब की जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

