पंजाब कैबिनेट से 2 मंत्रियों की छुट्टी के आसार, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Friday, Jul 09, 2021 - 10:57 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब कैबिनेट से 2 मंत्रियों की छुट्टी होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को कैबिनेट में फेरबदल करने के लिए अधिकृत कर दिया था। कांग्रेसी हलकों में आज दिनभर चर्चा चलती रही कि मुख्यमंत्री द्वारा अच्छी कारगुजारी न दिखाने वाले 2 मंत्रियों को बदला जा सकता है। इनमें से एक कैबिनेट स्तर के मंत्री माझा क्षेत्र से संबंध रखते हैं तो दूसरे कैबिनेट मंत्री मालवा क्षेत्र से बताए जाते हैं।

कैबिनेट में फेरबदल की चल रही चर्चाओं के कारण कई मंत्रियों की सांसें आज अटकी रहीं तथा वह दिन भर पता लगाते रहे कि मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह आखिर क्या कदम उठाने जा रहे हैं। सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद कैप्टन पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं तथा उन्होंने कैबिनेट में फेरबदल का खाका तैयार कर लिया है। आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रख कर कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा कैबिनेट में फेरबदल किया जाएगा। कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के निकटवर्ती क्षेत्रों में चर्चा चल रही है कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा 3-4 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। अगर विजय इंद्र सिंगला को पंजाब कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जाता है तो उस स्थिति में उन्हें मंत्री पद छोडऩा पड़ेगा।

कांग्रेसी सूत्रों ने कहा कि कैप्टन माझा तथा मालवा के एक-एक कैबिनेट मंत्री की कारगुजारी से प्रसन्न नहीं हैं। इनमें से एक मंत्री ने तो कैप्टन अमरेन्द्र का विरोध भी किया था। कैप्टन अपनी कैबिनेट को नए चेहरे लाकर नया लुक देने के लिए प्रयासरत हैं। कांग्रेस में माना जा रहा है कि पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष राणा के.पी. सिंह की कारगुजारी से कैप्टन अमरेन्द्र सिंह प्रसन्न हैं। उनको कैबिनेट में स्थान देने की चर्चाएं भी चल रही हैं। दोआबा क्षेत्र से ओ.बी.सी. से संबंध रखते संगत सिंह गिलजियां के नाम की चर्चाएं चल रही हैं। मजहबी वाल्मीकि समुदाय से राज कुमार वेरका का नाम चल रहा है। मालवा क्षेत्र से युवा चेहरे पर मुख्यमंत्री दाव खेल सकते हैं। पंजाब कैबिनेट में नवजोत सिद्धू के कारण एक पद खाली पड़ा है। अब यह तय है कि नवजोत सिद्धू कैबिनेट में शामिल होने नहीं जा रहे हैं। उनका स्थान भरने के लिए कैप्टन ने अपने ब्ल्यू प्रिंट को अंतिम रूप दे दिया है। कांग्रेस में कहा जा रहा है कि अगर हिंदू को पंजाब कांग्रेस कमेटी का प्रधान बनाया जाता है तो उस स्थिति में कैबिनेट में दलित चेहरे को अधिमान दिया जाएगा। ओ.बी.सी. वर्ग भी कांग्रेस के साथ जुड़ा हुआ है इसलिए इस वर्ग से संबंधित एक मंत्री बनाया जाना तय है। अब देखना यह है कि कैप्टन अमरेन्द्र अपनी कैबिनेट में फेरबदल करते समय उप-मुख्यमंत्री बनाते हैं या नहीं। अगर उन्होंने उप-मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया तो यह पद अवश्य ही दलित वर्ग को जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News