PAN कार्ड से 2.30 करोड़ की ठगी! Ludhiana में चौंकाने वाला फ्रॉड, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 08:49 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के थाना सदर के अंतर्गत जालसाजी का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसमें शातिर ठगों ने चालाकी की सारी हदें पार करते हुए एक व्यक्ति के पैन कार्ड का न केवल गलत इस्तेमाल किया बल्कि उसके नाम पर करोड़ों की प्रॉपर्टी का खेल भी खेल डाला।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित जसप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपियों ने बेहद सोची-समझी साजिश के तहत उसके पैन कार्ड नंबर का प्रयोग किया और जाली दस्तावेज तैयार कर लिए। इन जालसाजों ने पीड़ित के पैन कार्ड पर 2 लाख रुपये का टी.डी.एस. कटवाकर करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये की बड़ी प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त कर डाली।

हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने इस पूरे खेल को अंजाम देने के लिए पीड़ित की एक जाली पावर ऑफ अटॉर्नी भी तैयार की थी ताकि कागजी कार्रवाई में कोई अड़चन न आए। इस फर्जीवाड़े का पता चलते ही पीड़ित के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना सदर की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज तैयार करने की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी चमकौर सिंह, लखदीप सिंह, मनवीर सिंह, विक्की चौहान, बलजीत सिंह, जसप्रीत सिंह और राजविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News