पंजाब के एक्साइज इंस्पेक्टर से चंडीगढ़ में कथित बदसलूकी, लगाए गंभीर आरोप
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 02:41 PM (IST)
पंजाब डेस्क : पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में तैनात एक्साइज इंस्पेक्टर हरसिमरन सिंह ने चंडीगढ़ पुलिस और शराब ठेके के कारिंदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाए कि शराब ठेके से कारिंदों ने पहले उनकी कार का पीछा किया और बाद में पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में गाड़ी रोककर चाबी अपने कब्जे में ले ली। इसके साथ ही जब उन्होने विरोध किया तो उनके साथ धक्कामुक्की और बदसलूकी की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो सेक्टर-24 चौकी की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने भी शराब ठेके से जुड़े लोगों का पक्ष लिया। हरसिमरन सिंह ने बताया कि उन्होंने खुद को पंजाब एक्साइज विभाग का इंस्पेक्टर बताते हुए अपना सरकारी आईकार्ड भी दिखाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें वहां से जाने नहीं दिया गया। इसके साथ ही बिना किसी से बात करने की इजाजत दिए पूरी रात पुलिस चौकी में बैठा कर रखा।
इसके बाद एक्साइज इंस्पेक्टर ने चंडीगढ़ के डीसी और एसएसपी को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। वहीं सेक्टर-24 चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह ने पुलिस पर लगाए गए बदसलूकी के आरोपों से इनकार किया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

