धुस्सी बांध टूटने के लिए पंजाब सरकार और प्रशासन जिम्मेदार: किसान नेता हरदेव सिंह चिट्टी

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 01:32 PM (IST)

गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया): दीनानगर के पास गाहलड़ी हाइडल के निकट धुस्सी बांध में आई दरार और बांध टूटने की घटना को लेकर किसान नेता हरदेव सिंह चिट्टी ने पंजाब सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना प्राकृतिक नहीं, बल्कि सरकार और संबंधित विभागों की लापरवाही का परिणाम है।

हरदेव सिंह चिट्टी ने कहा कि धुस्सी बांध की समय रहते मरम्मत और मजबूती के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसी कारण पानी का दबाव बढ़ने पर बांध टूट गया और किसानों की फसलें खतरे में पड़ गईं। उनका आरोप है कि किसान कई बार प्रशासन को बांध की जर्जर स्थिति से अवगत करा चुके थे, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

उन्होंने कहा कि अब नुकसान होने के बाद प्रशासन केवल दिखावटी कार्रवाई कर रहा है। किसान नेता ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और प्रभावित किसानों को उनकी फसलों के नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। हरदेव सिंह चिट्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द स्थायी समाधान नहीं किया और कमजोर धुस्सी बांधों को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो किसान संगठन आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News