Punjab : केंद्रीय जेल में कैदी ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, मौके पर मचा हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 07:15 PM (IST)

फरीदकोट  (राजन): केंद्रीय मॉडर्न जेल फरीदकोट में बंद एक कैदी द्वारा रविवार सुबह अपनी बैरक में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान स्वर्णजीत सिंह निवासी गांव लालचियां, गुरुहरसहाय (जिला फिरोजपुर) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2017 में थाना सदर जलालाबाद (जिला फाजिल्का) में नशा तस्करी का मामला दर्ज हुआ था और वह उसी मामले में लंबे समय से जेल में बंद था।

सूत्रों के मुताबिक रविवार सुबह उक्त कैदी ने अपनी बैरक में लगे लोहे के चैनल से फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल फरीदकोट पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और जिला पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News