Punjab : नर्सिंग कॉलेज की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में की आत्महत्या, मौके पर फैली सनसनी!
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 09:08 PM (IST)
मलोट (जुनेजा, गोयल): गांव बादल स्थित 'स्टेट इंस्टीच्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरा मैडीकल साइंसेज' में बीती रात 20 वर्षीय एक छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान के प्रबंधकों ने लंबी पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
संस्थान की प्रिं. प्रभजोत कौर के अनुसार, उन्हें मंगलवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि हॉस्टल नंबर 2 में जी.एन.एम. द्वितीय वर्ष की छात्रा तन्नू, जो कि रोपड़ जिले की रहने वाली थी, ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया है। उन्होंने बताया कि तन्नू पढ़ाई में काफी अच्छी और मिलनसार स्वभाव की थी।
वह शाम को अन्य छात्राओं के साथ ड्यूटी से वापस लौटी थी और जिस समय उसने यह कदम उठाया, वह कमरे में अकेली थी। बताया जा रहा है कि वह अक्सर अपनी दादी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित रहती थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद घबराहट के कारण हॉस्टल की छह अन्य छात्राओं की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत संस्थान की एम्बुलैंस से नागरिक अस्पताल बादल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए गिद्दड़बाहा के सरकारी अस्पताल में रखवा दिया है। लंबी के मुख्य अधिकारी इंस्पैक्टर जसवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि मृतका के माता-पिता के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हॉस्टल स्टाफ और अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ कर मामले के तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है।

