पंजाब पुलिस का कर्मचारी साथियों सहित गिरफ्तार! होश उड़ा देगा पूरा मामला
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 12:54 PM (IST)
श्री मुक्तसर साहिब, मलोट (तनेजा, जुनेजा): श्री मुक्तसर साहिब जिला पुलिस द्वारा ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, सदर श्री मुक्तसर साहिब पुलिस को कामयाबी मिली। पुलिस टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक सीनियर कॉन्स्टेबल भी शामिल था। ये लोग एक कार में भारी मात्रा में हेरोइन और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर के साथ जा रहे थे।
जिला श्री मुक्तसर साहिब के सीनियर कैप्टन अभिमन्यु राणा ने बताया कि सदर श्री मुक्तसर साहिब पुलिस के एस आई बलविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध लोगों की तलाश और गश्त के लिए बधाई गांव से जलालाबाद जा रही थी। रास्ते में उन्हें संदिग्ध हालत में एक आई -20 कार नंबर पी बी 22 एन 0969) दिखाई दी। जब पुलिस टीम ने उन लोगों से नाम और पते पूछे, तो ड्राइवर की सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान पंजाब पुलिस के सीनियर कॉन्स्टेबल जोगिंदर सिंह पुत्र जोगा सिंह, निवासी चक पलाही, जिला फाजिल्का के तौर पर हुई। उनके साथ बैठे अन्य लोगों की पहचान अर्शदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, गांव ममदोट और दिलशेर सिंह लाडी पुत्र सुरिंदर सिंह, निवासी गोनियाना रोड, श्री मुक्तसर साहिब, हाल आबाद अबोहर के तौर पर हुई।
पुलिस ने इन लोगों की तलाशी के लिए डी एस पी (डी )श्री मुक्तसर साहिब को बुलाया। तलाशी के दौरान कार से 280 ग्राम हेरोइन और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हुई। पुलिस ने इन लोगों को हिरासत में ले लिया और सदर श्री मुक्तसर साहिब पुलिस स्टेशन में तीनों आरोपियों के खिलाफ एन डी पी एस और आर्म्स एक्ट (धारा 27/54/59) के तहत मामला दर्ज किया। जानकारी के अनुसार, आरोपियों में से एक, जोगिंदर सिंह, पंजाब पुलिस का कर्मचारी है और फाजिल्का ज़िले में एक चोंकी में मुंशी के पद पर तैनात है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस बरामदगी में जहां पुलिस की सफलता मानी जा रही है साथ ही पुलिसकर्मी से ड्रग्स बरामद होने से सरकार के अभियान पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

