Punjab : कैदी जेल गार्डों को चकमा देकर फरार, पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 08:10 PM (IST)

फरीदकोट, (राजन) : फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान एक हवालाती के जेल गार्डों को चकमा देकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है तथा फरार हवालाती की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरार हुआ हवालाती अरमानदीप सिंह बीमारी के कारण 6 जून को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मौका पाकर वह जेल गार्डों को चकमा देकर वहां से फरार हो गया।

सूत्रों के मुताबिक अरमानदीप सिंह को करीब ढाई माह पहले कोटकपूरा सदर पुलिस ने लूटपाट के एक मामले में गिरफ्तार किया था। न्यायिक हिरासत के चलते वह इन दिनों केंद्रीय जेल फरीदकोट में बंद था। बीमार होने के कारण उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल कराया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार हवालाती को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था और हवालातियों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News