Punjab : लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस एनकाउंटर में एक घायल, पांच गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 05:08 PM (IST)

बठिंडा  (विजय, परमिंद्र): मंगलवार सुबह करीब छह बजे मॉल रोड पर बठिंडा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की बड़ी घटना सामने आई है। इस कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके अन्य 4 साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी बीते कुछ समय से रेलवे रोड इलाके में रात के समय राहगीरों से हथियारों के बल पर लूटपाट और नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे।

 एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में रेलवे रोड पर लूट और नशा तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मंगलवार को थाना कोतवाली के इंस्पैक्टर परविंदर सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ फायर ब्रिगेड चौक के पास गश्त पर मौजूद थे। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक संगठित गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशन से सुबह तडक़े उतरने वाले यात्रियों को निशाना बनाते हैं। ये आरोपी मौजूदा समय में माल रोड पर पर्लस कंपनी की खाली पड़ी इमारत में मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर दबिश दी। यह इमारत लंबे समय से खंडहरनुमा हालत में थी और असामाजिक तत्वों के छिपने का अड्डा बनी हुई थी। छापेमारी के दौरान पुलिस को वहां कुछ युवक मौजूद मिले। पुलिस टीम के अंदर घुसते ही उनमें से एक युवक आरोपी नीरज शर्मा उर्फ कालू ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से एक फायर किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें नीरज शर्मा की बाईं टांग में गोली लगी। घायल आरोपी को तुरंत काबू कर इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके से चार अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया है। 

पकड़े गए आरोपियों में नीरज का भाई घोटा, करण, राहुल और विक्रमजीत शामिल हैं। एसपी सिटी ने बताया कि नीरज उर्फ कालू और उसके भाई घोटा के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही सात-सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं करण और विक्रमजीत के खिलाफ भी पहले दो-दो केस दर्ज हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News