Punjab : गुरदासपुर में युवक की हत्या से सनसनी!  पिता ने भी सदमे में तोड़ा दम

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 08:31 PM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर गोराया):  गुरदासपुर के गांव सोहियां के रहने वाले युवक तेजिंदर सिंह की हत्या का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना श्री हरगोबिंदपुर साहिब की पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बेटे की मौत के सदमे में उसके पिता कश्मीर सिंह की भी मौत हो गई। परिवार ने पुलिस से सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर इंसाफ दिलाने की मांग की है।

श्री हरगोबिंदपुर के डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि धारीवाल निवासी हरजीत कौर पत्नी कश्मीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। उनका छोटा बेटा तेजिंदर सिंह अड्डा धारीवाल-सोहियां में गाड़ियां ठीक करने का काम करता था।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को तेजिंदर सिंह अपनी दुकान बंद करके घर आया था। कुछ समय बाद माड़ी पन्नूआं निवासी गुरसाहिब सिंह और गुरजीत सिंह पन्नू, जो पहले भी तेजिंदर सिंह से गाड़ियां ठीक करवाते थे, दो अज्ञात युवकों के साथ मोटरसाइकिल पर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि वे तेजिंदर सिंह को गाड़ी ठीक करवाने के बहाने अपने साथ ले गए।

इंस्पेक्टर हरमीत सिंह के मुताबिक, जब देर रात तक तेजिंदर सिंह घर वापस नहीं आया तो उसके बड़े भाई रविंदर सिंह ने उसे फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद परिवार ने पूरी रात उसकी तलाश की। अगली सुबह परिवार को सूचना मिली कि तेजिंदर सिंह का शव चीमा खुड्डी सूए की पटड़ी पर पड़ा है। परिवार ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।

मृतक की मां ने पुलिस को दिए बयानों में गुरसाहिब सिंह, गुरजीत सिंह पन्नू और उनके दो अन्य साथियों पर तेजिंदर सिंह की हत्या करने के आरोप लगाए हैं। डीएसपी ने बताया कि बयानों के आधार पर थाना श्री हरगोबिंदपुर साहिब में मुकदमा नंबर 139 के तहत धारा 103, 140 और 3(5) के अंतर्गत गुरसाहिब सिंह, गुरजीत सिंह और दो अज्ञात व्यक्तियों समेत कुल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गुरसाहिब सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News