मुंबई के लिए शुरू होगी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन, जालंधर लुधियाना सहित कई जगहों पर ठहराव
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 06:37 PM (IST)
फिरोजपुर, (परमजीत सोढी): गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू तवी और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के मध्य एक विशेष समर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन संख्या 04602 समर स्पेशल दिनांक 07 जून 2026 को जम्मू तवी से रात्रि 00.30 बजे प्रस्थान करके 38 घंटे और 30 मिनट बाद दोपहर 15.00 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी। इस आरक्षित सुपरफास्ट विशेष ट्रेन में द्वितीय एवं तृतीय वातानुकूलित श्रेणियों के कोच उपलब्ध रहेंगे।
यह विशेष ट्रेन मार्ग में पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, कल्याण जंक्शन तथा दादर रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की सुविधा को देखते हुए विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है, जिससे पंजाब एवं आसपास के क्षेत्रों से महाराष्ट्र की ओर यात्रा करने वाले रेलयात्रियों को सुविधा उपलब्ध हो सके। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय, ठहराव एवं आरक्षण स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें तथा सुरक्षित एवं सुखद यात्रा का आनंद लें।

