Punjab : बेरोजगार शिक्षकों का ऐलान,  शिक्षा मंत्री का घेराव कर होगा बड़ा प्रदर्शन

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 07:09 PM (IST)

फाजिल्का (नागपाल): ई.टी.टी. टैट पास यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील फाजिल्का की अगवाई में फाजिल्का प्रताप बाग में बैठक बुलाई गई। जिसमें उन्होंने फैसला लिया कि 17 मई को यूनियन ने शिक्षा मंत्री पंजाब के गांव गंभीरपुर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता में आने से पहले मौजूदा ‘आप’ सरकार शिक्षा क्षेत्र में बदलाव लाने के बड़े-बड़े दावे करती थी, लेकिन सरकार बनते ही अपने वायदों से भागती नजर आई। मौजूदा पंजाब सरकार को सत्ता में आए 4 साल से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन मौजूदा पंजाब सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में ई.टी.टी. प्राइमरी की भर्ती के लिए एक भी नया विज्ञापन जारी नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि टीचरों की भर्ती किए बिना स्कूलों में कभी भी शिक्षा क्रांति नहीं आ सकती। इस सरकार के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में जितनी भी भर्तियां हुई हैं, वे पिछली सरकारों के समय की हैं और उस समय की जरूरतों के हिसाब से टीचर भर्ती के विज्ञापन जारी किए गए हैं।

इसलिए, इस सरकार के दौरान खाली पदों के लिए एक भी नया विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। उसके बाद पंजाब सरकार के शिक्षा क्रांति आंदोलन से सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या में काफी बढ़ौतरी हुई है। लेकिन उन बच्चों को पढ़ाने के लिए कोई नया टीचर भर्ती नहीं किया गया है।

इस तरह, मौजूदा सरकार के दौरान हर साल हजारों टीचर रिटायर हो रहे हैं। और कई टीचर प्रमोट भी हो गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में प्राइमरी टीचर के पद खाली पड़े हैं।

पिछले 4 सालों से भर्ती न होने के कारण बड़ी संख्या में बेरोजगार टीचर उम्र की सीमा पार कर रहे हैं, जिससे ई.टी.टी. कोर्स की पढ़ाई और पास करने और 3-4 बार टैट परीक्षा पास करने के बाद भी उनके सपने टूट रहे हैं।

उन्होंने पंजाब भर के अपने सभी कैडर के साथियों से भी अपील की कि वे बड़ी संख्या में आकर अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष का हिस्सा बनें। इस मौके पर यूनियन लीडर सलविंदर सिंह, रणजीत सिंह, संदीप सिंह, आकाश अबोहर, रवि और बड़ी संख्या में दूसरे साथी मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News