पंजाब के वाहन चालक सावधान! रोज काटे जाएंगे हजारों चालान, शुरू हुआ नया System
punjabkesari.in Friday, Mar 07, 2025 - 09:55 AM (IST)

मोहालीः चंडीगढ़ के बाद अब मोहाली में ई-चालान की शुरुआत हो गई। ट्रैफिक नियम तोड़ने पर चालान घर-घर भेजे जाएंगे, जिसमें वाहन और उसके चालक की फोटो भी होगी। पूरा सिस्टम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए चलेगा, यानि की जमीनी स्तर पर पुलिस कर्मचारियों की जरूरत नहीं होगी।
गुरुवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 21.60 करोड़ की लागत सेसिटी सर्विलांस पर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (फेज-1) का उद्घाटन किया। सिस्टम चालू होने के पहले 6 घंटों के अंदर ही शहर में 3 हजार के करीब चालान काटे गए। सिस्टम की पूरी जांच के लिए सैक्टर 79 में स्थित सोहाना थाने की नई बिल्डिंग में कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जहां 24 घंटे नजर रखी जा रही है। पहले पड़ाव में शहर के 17 प्रमुख प्वाइंटस पर 351 हाई-रेजोल्यूशन सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए गए है। नई व्यवस्था से पुलिस को यह फायदा होगा कि इन नाकों से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन का नंबर पुलिस के पास रहेगा।
यहां तक कि गाड़ी में बैठे शख्स के चेहरे की फोटो भी आएगी। इसके अलावा किस सड़क पर कोई विदेशी वाहन (दूसरे राज्य का) है, यह भी पता चल जाएगा। अगर जाम लगता है तो उस सड़क पर स्थिति संभालने में मदद मिलेगी. अगर किसी प्वाइंट पर साइड ट्रैफिक नहीं है लेकिन लाल बत्ती है तो यह सिस्टम ज्यादा भीड़भाड़ वाले साइड से ट्रैफिक निकालने में मददगार साबित होगा। नई तकनीक से अपराध का ग्राफ काफी हद तक कम होने की संभावना है। कैमरों से जहां ट्रैफिक प्रबंधन में मदद मिलेगी, वहीं घटनाओं का भी पता लगाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह परियोजना शहरी निगरानी और यातायात प्रबंधन में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ए.आई. इस अत्याधुनिक प्रणाली का उद्देश्य सार्वजनिक सुरक्षा को बेहतर बनाना, यातायात उल्लंघनों को रोकना और प्रभावशाली कानून को यकीनी बनाना है।