पंजाब में जानलेवा हुई गर्मी, अब तक इतनी मौ+तें, कपड़े सुखा रही महिला ने भी तोड़ा दम

punjabkesari.in Monday, Jun 17, 2024 - 09:31 AM (IST)

पंजाब डेस्कः पंजाब में आसमान से बरस रही आग जानलेवा साबित होने लगी है। गत दिवस राज्य के अलग-अलग जिलों में गर्मी से 4 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। लगातार पेड़ों की कटाई के कारण पंजाब में तापमान आंकड़ों को तोड़ रहा है। पंजाब में आज तक इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी। गर्मी से सभी शहरों का बुरा हाल है, यहां तक कि  कई लोग बीमार पड़ रहे हैं और इलाज के लिए सिविल अस्पताल या निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। 

बठिंडा में 2 लोगों की जान चली गई
वहीं बठिंडा रविवार को गर्मी के कारण दो लोगों की मौत हो गई जिनमें एक रेलयात्री भी शामिल है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर एक रेलयात्री गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम संदीप गिल बठिंडा स्टेशन पर एंबुलेंस लेकर पहुंचे व उक्त व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान ही उक्त व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त विजय कुमार (32) पुत्र समीर चंद निवासी लखनऊ के तौर पर हुई। मृतक लखनऊ वापिस जा रहा था। इसी प्रकार बठिंडा मानसा रोड पर काली माता मंदिर के पास एक पार्क में एक व्यक्ति धूप में बेसुध पड़ा था। उसे भी तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कपड़े सुखा रही एक महिला की मौत हो गई
फाजिल्का की गली जंगियाना निवासी आशा गुप्ता पत्नी रविंदर गुप्ता अपने घर की छत पर कपड़े सुखा रही थी, तभी गर्मी के कारण उसे चक्कर आ गया और वह छत से फर्श पर गिर गई। जिसे अस्पताल ले जाया गया, कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जालंधर में दीवार के सहारे बैठे एक शख्स का शव मिला
गांव खांबरा के मोहल्ला बाजीगर में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला। थाना सदर के सहायक थाना फ़तेहपुर में तैनात ए. एस.आई. नारायण गौड़ ने मौके पर पहुंच कर शव का निरीक्षण किया. हालांकि उनका कहना है कि मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं. साथ ही पुलिस को उसके पास से कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला है, जिससे शव की पहचान नहीं हो सकी. मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष प्रतीत हो रही है। पुलिस को 15 तारीख की शाम को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। ए.एस.आई. ने बताया कि मौके के हालात देखकर ऐसा लग रहा है कि मृतक की मौत गर्मी के कारण हुई है, क्योंकि जिस दीवार के सामने उसका शव मिला है, उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि गर्मी के कारण ही उसकी हालत बिगड़ी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News