Rain Alert: पंजाब में बारिश का Alert, Jalandhar समेत 11 जिलों में आंधी-तूफान के आसार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 10:52 AM (IST)

जालंधर: महानगर जालंधर सहित पंजाब के कई जिलों में मौसम विभाग की ओर से यैलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक 6 व 7 अक्तूबर को बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार जालंधर, कपूरथला, शहीद भगत सिंह नगर, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर व होशियारपुर सहित कुल 11 जिलों में यैलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने तथा आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है।

वहीं, पंजाब में पिछले 2 दिनों से मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है। सोमवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार व रविवार के मुकाबले बढ़ौतरी दर्ज की गई। राज्य में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सैल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को पंजाब में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सैल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया। दिन के समय गर्मी का असर बने रहने के बावजूद अब बारिश की संभावना के कारण तापमान में बदलाव आने के आसार हैं। मौसम में संभावित बदलाव का असर जालंधर सहित आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल सकता है। 6 व 7 अक्तूबर को बारिश होने के बाद तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है, जिससे पिछले कुछ दिनों से बनी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।

बिजली की मांग में भी बढ़ौतरी
पंजाब में मौसम शुष्क रहने और तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण बिजली की मांग में भी बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। दिन के समय गर्मी बढ़ने से घरों व कारोबारी संस्थानों में एसी का इस्तेमाल फिर से बढ़ता हुआ देखने को मिल रहा है। बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट आने पर बिजली की मांग में कुछ कमी आने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News