Weather Update: पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, 14 अप्रैल तक Yellow Alert जारी
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 09:39 AM (IST)
पंजाब डेस्क: पंजाब के मौसम को लेकर ताजा अपडेट सामने आई है। पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद अब मौसम ने फिर से करवट ले ली है और गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इसके चलते राज्य के कई इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
हल्की बारिश की भी जताई संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 14 अप्रैल तक पंजाब के विभिन्न जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसी को देखते हुए विभाग ने राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हल्के बादल छाए रहेंगे, वहीं धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसम प्रणालियों और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हवाओं की गति में यह बढ़ोतरी हो रही है। साथ ही, आने वाले दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने की भी संभावना है।
सावधानी बरतने की सलाह
तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। धूलभरी हवाओं के कारण आंखों में जलन और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए बाहर निकलते समय जरूरी सावधानी बरतें।

