पंजाब में अगले 4 दिन बदलेगा मौसम, कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 11:03 AM (IST)
पंजाब डेस्क: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में अगले 4 दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी-तूफान, बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर बारिश की चेतावनी दी है।
तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 जून को फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, संगरूर और पटियाला में तेज आंधी-तूफान चलने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं 24 जून को मौसम का असर उत्तर और पूर्वी पंजाब के जिलों में अधिक देखने को मिलेगा। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एस.ए.एस. नगर (मोहाली), फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
25 जून से मौसम साफ होने के आसार
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। विभाग के अनुसार 25 जून से मौसम साफ होने की संभावना है। इस दिन पूरे पंजाब में किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है। मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

