Punjab : महिला ने नहर में कूदकर की आत्महत्या, परिवार में छाया मातम
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 05:12 PM (IST)
अबोहर (भारद्वाज) : स्थानीय मोहल्ला सुंदर नगरी गली नंबर 6 वासी एक 55 वर्षीय महिला ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। जिसके शव को गत देर रात अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मृतका सुमन मोंगा पत्नी पुरुषोत्तम मोंगा गत देर शाम घर से मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए निकली थी। देर शाम उसकी स्कूटी और मोबाइल हनुमानगढ़ रोड से गुजरती नहर के पास लावारिस हालत में मिले।
सूचना मिलते ही पुलिस और नर सेवा नारायण सेवा संस्था के सदस्य मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की गई। देर रात महिला का शव कीकर खेड़ा और धर्मपुरा के बीच नहर से बरामद हुआ। पुलिस ने नर सेवा नारायण सेवा समिति संस्था के सहयोग से अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
बताया जा रहा है कि महिला के परिवार में बडे़ बेटे के घर पर करीब 10 दिन पहले ही पोती के जन्म से खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे से परिवार सदमे में है। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। नगर थाना नं-2 के सहायक सबइंस्पैक्टर बलविंदर सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका के बेटे के विदेश से आने पर ही उसका पोस्टमार्टम होगा।

