Punjab : संदिग्ध हालातों में युवक की मौत, झाड़ियों में मिला शव, फैली सनसनी
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 05:30 PM (IST)
अबोहर (भारद्वाज) : आज सुबह स्थानीय मोहल्ला सराभा नगर में एक अज्ञात युवक का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। जिसकी संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना नं 1 की पुलिस व नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और शव को पहचान व पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृत्यु का कारण पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भयंकर गर्मी माना जा रहा है जबकि वास्तविक कारणों का पता उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही चल पाएगा।
जानकारी के अनुसार समिति सदस्यों को सूचना मिली कि झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा है जिस पर समिति के सदस्य मोनू ग्रोवर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वहीं थाना प्रभारी मनिंदर सिंह व स्वराज सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की तो मृतक के पास से एक बंद मोबाइल कीपैड वाला और बीड़ियों का बंडल आदि मिला। इसके अलावा उसके पास कोई अन्य दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके।
इसके बाद पुलिस ने समिति सदस्यों की मदद से मृतक के शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। बताया जाता है कि मृतक ने लाल रंग की टी शर्ट व ब्राऊन कलर की लोअर पहनी हुई है और उसकी आयु करीब 20 साल है।पुलिस का कहना है कि संभवत भयंकर गर्मी के चलते उसकी मौत हुई है, बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों क पता चल पाएगा।

