पंजाबी सिंगर इंदर कौर मर्डर केस में बड़ा खुलासा: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया खौफनाक सच

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 04:04 PM (IST)

लुधियाना(राज): पंजाबी सिंगर इंदर कौर हत्याकांड में एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा खुलासा सामने आया है। डॉक्टरों के विशेष बोर्ड द्वारा किए गए शव के पोस्टमॉर्टम के बाद यह साफ हो गया है कि सिंगर की मौत बेहद बेरहमी से की गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, इंदर कौर को बेहद नजदीक से दो गोलियां मारी गई थीं। इनमें से एक गोली उनकी छाती के दाहिनी तरफ लगी जो शरीर के आर-पार निकल गई, जबकि दूसरी गोली उनके माथे में ही फंसी हुई मिली। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हत्यारों की धरपकड़ के लिए अपनी जांच का दायरा और तेज कर दिया है।

डॉक्टरों ने जांच के बाद सौंपी रिपोर्ट
सिंगर इंदर कौर के शव का पोस्टमॉर्टम लुधियाना के सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के एक विशेष बोर्ड (मेडिकल पैनल) द्वारा किया गया। इस बोर्ड में फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. करन, डॉक्टर विशाल चोपड़ा और डॉक्टर मनदीप को विशेष रूप से शामिल किया गया था। डॉक्टरों की इस टीम ने गहनता से जांच करने के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसने इस पूरी वारदात की गंभीरता और बेरहमी को उजागर कर दिया है।

निर्मम हत्या से गहरे सदमे में  पूरा परिवार
दूसरी ओर, पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिंगर इंदर कौर का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद लुधियाना में ही गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम विदाई के दौरान श्मशान घाट पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। इंदर कौर की अचानक हुई इस निर्मम हत्या से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। अंतिम संस्कार के वक्त उनकी नानी अपनी सुध-बुध खो बैठीं और रोते-रोते बेहोश हो गईं, वहीं परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए हर संदिग्ध एंगल पर काम कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News